अनुसूचित जनजाति आयोग आदिवासियों का हित संरक्षक : श्री रामविचार नेताम
अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्यों ने पदभार ग्रहण किया
छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के नव-नियुक्त सदस्य श्री सुखदेव तांती एवं श्री राम किशुन सिंह ने आज यहां जल विहार कॉलोनी स्थित आयोग के कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित
जनजाति आयोग का गठन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने किया है। राज्य में अनुसूचित जनजाति आयोग आदिवासियों के हितों का संरक्षण करता है। श्री नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में अनुसूचित जनजातियों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं और कार्यक्रम संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि नव-नियुक्त सदस्यों ने आज शुभ मुहुर्त में अपना पदभार ग्रहण किया है। श्री नेताम ने नव-नियुक्त सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जनजाति की समस्याओं और आने वाली कठिनाईयों के निराकरण में अपनी महती भूमिका निभाएंगे।
आयोग के अध्यक्ष श्री देवलाल दुग्गा ने कहा कि अनुसूचित जनजाति आयोग में दो और सदस्यों की नियुक्ति हो जाने से आयोग की गतिविधियों में तेजी आएगी और प्रदेश के वनाचंल क्षेत्रों में भ्रमण करके अनुसूचित जनजातियों को शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे, और उसका लाभ लेने के लिए प्रेरित भी करेंगे। खासकर बस्तर और सरगुजा क्षेत्र में अपनी गतिविधियों को बढ़ाएंगे। श्री दुग्गा ने नवनियुक्त आयोग के सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं और बधाई दी। आयोग के नव-नियुक्त सदस्य श्री राम किशुन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने उन्हें अनुसूचित जनजाति आयोग का सदस्य नियुक्त किया है और वे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के मंशा के अनुरूप अपने काम में खरा उतरेंगे। छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जातियों के विकास के जो काम अधूरों है, उसे पूरा करने का प्रयास करेंगे और सरकार को आवश्यक सुझाव भी देते रहेंगे। नव-नियुक्त सदस्य श्री सुखदेव तांती ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गयी है, उसे वे बखूबी निभाएंगे। सहयोग की भावना से वनांचल के लोगों के उत्थान के लिए काम करेंगे। इस अवसर पर संसदीय सचिव श्री सिध्दनाथ पैकरा, सरगुजा, जशपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुश्री रेणुका सिंह, श्री भैयालाल रजवाड़े सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और नागरिक उपस्थित थे।

