अल्पसंख्यक समुदायों का विकास भी राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : श्री बृजमोहन अग्रवाल
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष और सदस्य का पदभार ग्रहण समारोह
छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री दिलीप सिंह होरा और नवनियुक्त सदस्य श्री मुर्तजा बनक का पदभार ग्रहण समारोह आज यहां पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सभागृह में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि की आसंदी से समारोह को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा और लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व मेंं छत्तीसगढ़ सरकार ने जाति-धर्म की भावना से ऊपर उठकर सभी वर्गो की जरूरतों पर ध्यान दिया है। अल्पसंख्यक समुदायों का कल्याण और उनका सामाजिक आर्थिक विकास भी राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री अग्रवाल ने नव-नियुक्त अध्यक्ष और सदस्य को बधाई और शुभकामनाएं दी।
समारोह की अध्यक्षता आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री केदार कश्यप ने की। नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, छत्तीसगढ़ हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, राज्य विपणन संघ के अध्यक्ष श्री राधाकृष्ण गुप्ता, राज्य ब्रेवरेज कार्पोरेशन के अध्यक्ष एवं विधायक श्री देवजीभाई पटेल, नि:शक्तजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री बलिहार सिंह, छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष श्री युनूस कुरैशी, विधायक श्री कुलदीप सिंह जुनेजा तथा छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य डॉ. दीपक क्लॉडियस सहित अनेक संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक इस अवसर पर उपस्थित थे।
समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण हमेशा सामाजिक समरसता की भावना के साथ किया है। अल्पसंख्यक समुदायों का विकास भी प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक समुदायों की स्थिति काफी बेहतर है, लेकिन उनमें जो भी जरूरतमंद परिवार है, उन्हें विभिन्न योजनाओं के तहत हर प्रकार की आवश्यकता सुविधाएं दी जा रही हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और विवाह योग्य उम्र में बेटियों की शादी किसी भी समाज के समग्र विकास के लिए बहुत जरूरी है। श्री अग्रवाल ने अल्पसंख्यक समुदायों से बच्चों की शिक्षा और परिवार के स्वास्थ्य पर विशेष रूप से ध्यान देने का आव्हान किया। उन्होंने बालिका शिक्षा की जरूरत पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के तहत गरीबों को एक रूपए और दो रूपए किलो में हर महीने 35 किलो चावल और दो किलो नि:शुल्क नमक दिया जा रहा है, वहीं राज्य सरकार हाई स्तर पर जरूरतमंद तबको की बालिकाओं को नि:शुल्क सायकल भी दे रही है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पंजाबी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल सिंह चंडोक, सिक्ख फोरम के संयोजक श्री जी.एस. बाम्बरा और श्री जगजीत सिंह खनूजा, अध्यक्ष श्री जगजीत सिंह अरोरा, राज्य भण्डार गृह निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री लाभचंद बाफना, मदरसा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री आदिल हमीद खान, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री श्रीचंद सुन्दरानी, शहर काजी मौलाना और मोहम्मद अली फारूकी, ईदगाह भांठा के इमाम मौलाना अली बरकाती भी मौजूद थे।

