श्री केदार कश्यप ने किया आश्रम-छात्रावास भवनों का भूमि-पूजन
रायपुर 24 नवम्बर 2010

आदिमजाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री तथा बस्तर जिले के प्रभारी श्री केदार कश्यप ने आज जिले के विकासखंड तोकापाल के ग्राम राजुर और पोटानार में तीन करोड़ 22 लाख रूपए की लागत से बनने वाले कन्या आश्रम विद्यालय भवन और पोस्ट मेट्रिक कन्या छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया। श्री कश्यप ने विकासखंड तोकापाल के राजुर गांव में एक करोड़ 19 लाख रूपए की लागत से निर्मित होने वाले 100 सीटर कक्षा पहली से पांचवी तक की छात्राओं हेतु कन्या आश्रम और पोटानार में एक करोड़ तीन लाख रूपए की लागत वाले आदिमजाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के 50 सीटर पोस्ट मेट्रिक कन्या छात्रावास का भूमिपूजन किया। श्री कश्यप ने आश्रम-छात्रावास भवनों का निर्माण समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है।
कार्यक्रम में श्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य शासन बालिका शिक्षा को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे न रहे, ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं। श्री कश्यप ने बालिका शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे बुनियादी विषयों और क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि बस्तर के महिला स्वसहायता समूहों ने देश में नाम कमाया है। खेल के क्षेत्र में भी महिलाओं की भागीदारी को कम नहीं आंका जा सकता। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्ेश्य से आश्रम और छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है। कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक श्री बैदूराम कश्यप, जिला पंचायत और जनपद पंचायत के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

