छत्तीसगढ़ की तेरह जातियों को अनुसूचित सूची में शामिल करने का प्रस्ताव
रायपुर 10 फरवरी 2010
छत्तीसगढ़ की तेरह स्थानीय जातियों को अनुसूचित सूची में शामिल करने का प्रस्ताव राज्य के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा केंद्र सरकार को भेजा गया है। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री केदार कश्यप ने बताया कि छत्तीसगढ़ की पांच जातियों को अनुसूचित जाति और आठ जातियों को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने के लिए आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा प्रस्ताव भेजा गया है। श्री कश्यप ने इस प्रस्ताव पर जल्द फैसला लेने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया है। इस संबंध में श्री कश्यप ने गत दिनों अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय अनुसूचित जाति और जनजाति मामलों के मंत्री श्री कांतिलाल भूरिया से मुलाकात भी की थी।
छत्तीसगढ़ की जिन तेरह जातियों को अनुसूचित सूची में शामिल करने का प्रस्ताव है इनमें अनुसूचित जाति की सूची के लिए चिक गांड़ा, चिक, चीक, महरा, माहरा जाति तथा अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने के लिए खडिया, पारधी, सौंरा, संवरा, केंवट, ढीमर, कहार और मल्लाह जाति का प्रस्ताव भेजा गया है।

