युवा कैरियर निर्माण योजना : बारहवीं में 80 प्रतिशत से ज्यादा नम्बर वालों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
पी.एम.टी. और पी.ई.टी में चयन के लिए प्रशिक्षित होने का सुनहरा मौका
रायपुर, 04 मई 2011
युवा कैरियर निर्माण योजना के तहत छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जातियों और जनजातियों के बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को राज्य शासन द्वारा प्री-मेडिकल (पी.एम.टी.) और प्री- इंजीनियरिंग (पी.ई.टी.) परीक्षाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं में प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। कक्षा बारहवीं में जीव-विज्ञान अथवा गणित विषय के साथ 80 प्रतिषत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। योजना के तहत राज्य स्तर पर कोचिंग हेतु अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 75 सीट तथा अनुसूचित जाति के लिए 25 सीट निर्धारित है। इनमें से पी.एम.टी. कोचिंग के लिए राज्य स्तर पर 30 सीटें तथा प्री-आई.आई.टी., ए.आई.ई.ई.ई. हेतु 70 सीटें निर्धारित है जिलेवार सीटों का बंटवारा इस योजना में नहीं है। आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग ने इस योजना के लिए छात्र-छात्राओं की सूची बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। विभागीय आयुक्त श्री एम.एस. परस्ते ने जिलों में कार्यरत सहायक आयुक्तों को पत्र भेजकर कहा है कि बारहवीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित होने के पन्द्रह दिनों के भीतर उन्हें ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों की सूची भेज दी जाए जिनके अभिभावक आयकरदाता नहीं है और अपने बच्चों को प्रशिक्षण संस्थाओं में प्रवेष दिलाने में उनकी सहमति है।

