मिनी माता स्वावलंबन योजना के लिए 1.75 करोड़ मंजूर : अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को मिलेगा रोजगार
रायपुर, 31 जनवरी 2011
राज्य शासन द्वारा अनुसूचित जाति के युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने मिनीमाता स्वावलम्बन योजना संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मंत्रालय में आयोजित अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की बैठक में इस योजना के लिए एक करोड़ 75 लाख रूपए अतिरिक्त राशि की स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस योजना के तहत ज्यादा-ज्यादा रोजगार के अवसर वाले ट्रेडों का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में सिंचाई पंपों, मोटर सायकल, ट्रांसफार्मर आदि का उपयोग अधिक हो रहा है। इन ट्रेडों में प्रशिक्षण दी जानी चाहिए।
मिनीमाता स्वावलंबन योजना के तहत वर्ष 2009-10 में 200 हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए दो करोड़ चार लाख रूपए की स्वीकृति दी गयी है। इस योजना में 200 हितग्राहियों के लक्ष्य विरूध्द 100 हितग्राही एकल इकाईयों के रूप में तथा 100 हितग्राही समूह इकाई के रूप में स्वीकृत किए गए है। 100 एकल इकाईयों में से 61 इकाईयों द्वारा दुकानों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इनमें 50 हितग्राहियों द्वारा स्वयं का व्यवसाय भी प्रारंभ कर दिया गया है। मध्यान्ह भोजन पैकिंग हेतु स्वीकृत 100 समूह इकाईयों में से 30 इकाईयों ने कार्य प्रारंभ कर दिया है।

