आश्रम शालाओं में सामान और बिजली के लिए 9.95 करोड़ रूपए मंजूर
रायपुर, 17 मार्च 2011
राज्य शासन द्वारा आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित आश्रम शालाओं में जरूरी सामान खरीदने और विद्युतीकरण के लिए नौ करोड़ 94 लाख 60 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गयी है। स्वीकृति आदेश यहां मंत्रालय से आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है। स्वीकृत राशि से राज्य के 15 जिलों के 864 माध्यमिक शालाओं में प्रत्येक शाला में 50 हजार रूपए से फर्नीचर खरीदा एवं विद्युतीकरण किया जाएगा। इन शालाओं में जगदलपुर जिले के 300 संस्था, नारायणपुर जिले की 106 संस्था, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की 100 संस्था, जशपुर एवं कांकेर जिले की 50-50 संस्था, सरगुजा जिले की 44 संस्था, रायपुर, दुर्ग तथा राजनांदगांव प्रत्येक जिले की 20 संस्था, बिलासपुर जिले की 14 संस्था और कोरबा, कोरिया, रायगढ़ एवं धमतरी जिले की प्रत्येक 10-10 सस्थाए शामिल है। इसके अलावा कोरिया जिले के 26 आश्रम शालाओं में प्रत्येक में 10-10 हजार रूपए वाशिंग मशीन खरीदने हेतु तथा सरगुजा जिले की कक्षा तीसरी से पांचवी तक की छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग एवं जूता-मोजा प्रदान किया जाएगा।

