अस्वच्छ धंधों में कार्यरत लोगों के बच्चों को छात्रवृत्ति देने दो करोड़ रूपए का प्रावधान
रायपुर, 13 मई 2010
छत्तीसगढ़ में अस्वच्छ धंधों में कार्यरत लोगों के बच्चों को कक्षा दसवीं तक छात्रवृत्ति देने के लिए वर्ष 2009-10 में दो करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। इसके पहले वर्ष 2008-09 में 18 हजार 509 छात्रों को दो करोड़ दो लाख रूपए छात्रवृत्ति के रूप में प्रदान की गई है। इस योजना के तहत कक्षा पहली और दसवीं तक के विद्यार्थियों को शिक्षा सत्र के दस माह तक प्रतिमाह एक सौ दस रूपए के मान से ग्यारह सौ रूपए छात्रवृत्ति के रूप में प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त छात्रावासों में रह रहे कक्षा तीसरी से दसवीं तक के विद्यार्थियों को सात सौ रूपए प्रतिमाह के मान से दस माह के लिए सात हजार रूपए प्रदान किया जाता है। इसके अतिरिक्त छात्रावासी छात्रों को एक हजार रूपए वार्षिक तदर्थ अनुदान तथा अन्य विद्यार्थियों को सात सौ 50 रूपए वार्षिक तदर्थ अनुदान दिया जाता है।

