रायपुर जल आवर्धन योजना इस माह के अंत तक पूर्ण करें : श्री मूणत
नगरीय प्रशासन मंत्री ने रायपुर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया
वाटर फिल्टर प्लांट और पानी टंकी का निरीक्षण किया
रायपुर 08 अप्रैल 2011

नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत ने आज रायपुर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने रायपुर जल आवर्धन योजना के तहत निर्माणाधीन फिल्टर प्लांट और टाटीबंध स्थित वृहद पानी टंकी का निरीक्षण किया तथा इस योजना को इस माह के अंत तक पूर्ण कर पूरे रायपुर शहर में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्री मूणत ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और रायपुर नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि इन गर्मियों में रायपुर की जनता को पीने के पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन सचिव श्री आर. पी.. मण्डल भी उपस्थित थे।
रायपुर जल आवर्धन योजना की स्थिति का जायजा लेने के लिए श्री मूणत सबसे पहले भाठागांव में खारून नदी पर स्थित इंटेक वेल और फिल्टर प्लांट पर पहुंचे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के अधिकारियों ने
उन्हें बताया कि नये फिल्टर प्लांट ने काम करना शुरू कर दिया है, और यहां प्रतिदिन 50 लाख लीटर पानी का आवर्धन हो रहा है। जल आवर्धन योजना के तहत निर्मित 17 पानी टंकियों को फिल्टर प्लांट से जोड़ने का कार्य जारी है। अब तक सरोना, टाटीबंध, दीनदयाल उपाध्याय नगर, गोगांव और ईदगाह भाठा पानी टंकियों को फिल्टर प्लांट से जोड़ा जा चुका है। इन टंकियों में जल आपूर्ति व्यवस्था का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी दस दिनों में इन पांचों टंकियों से पेयजल आपूर्ति का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। श्री मूणत ने बाकी टंकियों तक पाईप लाईन बिछाने और उनसे पेयजल आपूर्ति का कार्य इस माह के अंत तक हर हालत में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पाईप लाईन बिछाने की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। श्री मूणत ने पानी टंकियों से लोगों के घरों तक नल कनेक्शन दिए जाने के संबंध में भी जानकारी ली और जल्द ही नये नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्री मूणत ने टाटीबंध में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान परिसर स्थित नवीन पानी टंकी में पानी के भराव स्थिति का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि साढ़े छह मीटर ऊंची यह टंकी पूरी तरह भर गई है और यहां पानी ओवर फ्लो हो रहा है। श्री मूणत ने आस-पास की कालोनियों में नल कनेक्शन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यहां पाईप लाईन बिछाने का नब्बे प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही लोगों के घरों तक नल कनेक्शन उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

