नगरीय प्रशासन मंत्री ने किया 5.21 करोड़ के निर्माण कार्यो का शिलान्यास
रायपुर, 25 नवम्बर 2011
नगरीय प्रशासन मंत्री और कबीरधाम जिले के प्रभारी श्री राजेश मूणत ने आज जिला मुख्यालय कवर्धा में शहर विकास के लिए लगभग पांच करोड़ 21 लाख रूपए के निर्माण कार्यो का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इनमें एक करोड़ 42 लाख रूपए की लागत से बनने वाला स्वीमिंग पुल भी शामिल है। श्री मूणत ने इसके अलावा तेरहवें वित्त आयोग के मद से स्वीकृत एक करोड़ 25 लाख रूपए की लागत वाले गुरू नाला पुलिया निर्माण, दो करोड़ 28 लाख रूपए की लागत से बनने वाली बी.टी. सड़क भी शामिल है। श्री मूणत ने इस मौके पर कवर्धा-सहसपुर लोहारा मार्ग में पिछड़ा क्षेत्र अनुदान कोष योजना के तहत 42 लाख रूपए की लागत से बनने वाले मुक्तिधाम सहित कवर्धा शहर में विभिन्न बुनियादी सुविधाओं के लिए और अनेक निर्माण कार्यो का शिलान्यास किया। उन्होंने समारोह में नगर पालिका के अधिकारियों को सभी कार्य तत्काल शुरू करने और समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगरीय प्रशासन मंत्री ने कवर्धा शहर में विभिन्न बुनियादी नागरिक सुविधाओं के लिए दो करोड़ रूपए की धनराशि जल्द आवंटित करने की भी घोषणा की। संसदीय सचिव और स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम साहू, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री संतोष पाण्डेय और नगर पालिका अध्यक्ष श्री अनिल सिंह सहित नगर पालिका के अनेक पार्षद और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक इस मौके पर उपस्थित थे।

