मुख्यमंत्री की घोषणा पर त्वरित अमल : रायपुर नगर निगम को अधोसंरचना विकास के लिए डेढ़ सौ करोड़ रूपए स्वीकृत
रेल्वे स्टेशन से फाफाडीह चौक तक बनेगा फ्लाई ओवर
लिंक सड़कों के निर्माण के लिए मिलेंगे 40 करोड़ रूपए
रायपुर, 28 मार्च 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की घोषणा पर त्वरित अमल करते हुए राज्य सरकार के नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा आज रायपुर शहर के सुव्यवस्थित विकास के लिए 150 करोड़ रूपए की स्वीकृति नगर निगम को जारी कर दी गयी। उल्लेखनीय है कि डॉ. रमन सिंह ने विगत 3 फरवरी को यहां इंडोर स्टेडियम के लोकार्पण समारोह में नगर निगम को यह राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर शहर में विभिन्न अधोसंरचनाओं के निर्माण के लिए एक मुश्त 150 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की है।
श्री मूणत ने आज यहां बताया कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा रायपुर नगर निगम क्षेत्र में रेल्वे स्टेशन से फाफाडीह चौक तक फ्लाई ओवर निर्माण के लिए 22 करोड़ रूपए, आडिटोरियम निर्माण के लिए पांच करोड़ रूपए और लिंक रोड के निर्माण तथा चौडीकरण के लिए 40 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की है। स्कवैश कोर्ट के निर्माण के लिए 62 लाख रूपए, स्वीमिंग पूल निर्माण के लिए पांच करोड़ रूपए, अनुपम उद्यान के विकास के लिए 50 लाख रूपए, नरैया तालाब उद्यान के विकास के लिए तीन करोड़ रूपए और मारवाड़ी मुक्तिधाम के विकास के लिए डेढ़ करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार धरम नगर से संतोषी चौक होते हुए बोरिया नाले तक सड़क निर्माण्ा के लिए दो करोड़ 82 लाख रूपए, बोरिया रोड के चौडीकरण के लिए एक करोड़ 14 लाख रूपए और रिंग रोड से शिव नगर होते हुए बोरिया नाले तक सड़क निर्माण हेतु एक करोड़ 32 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं।
नगर निगम रायपुर में सम्मिलित किए गए 16 नए वार्डो में पाईप लाईन विस्तार हेतु एक करोड़ 60 लाख रूपए, इन वार्डो में विद्युतीकरण कार्य हेतु एक करोड़ 60 लाख रूपए, शहर में उद्यानिकी विकास हेतु दस करोड़ रूपए, आऊटडोर स्टेडियम के शेष कार्यो को पूरा करने के लिए सवा करोड़ रूपए, नगर निगम के नवीन मुख्यालय के सामने उद्यान निर्माण के लिए 89 लाख रूपए, यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए दो करोड़ रूपए तथा यातायात नियंत्रण हेतु नई क्रेने खरीदने के लिए 65 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। गुढ़ियारी अंडर ब्रिज से डी.आर.एम. कार्यालय तक नाले के निर्माण के लिए 80 लाख रूपए, रामनगर में नाले के निर्माण के लिए 90 लाख रूपए, खालबाड़ा से तिलक नगर होते हुए गोंदवारा तक नाले के निर्माण के लिए एक करोड़ 60 लाख रूपए, जेठानी अस्पताल से पैराडाइज होटल तक नाले के निर्माण के लिए 35 लाख रूपए, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार से सरोना की ओर नाले के निर्माण के लिए एक करोड़ 81 लाख रूपए और व्ही.आई.पी. कालोनी मोवा से एल.आई.सी. कालोनी होते हुए बलौदाबाजार रोड तक नाले के निर्माण के लिए छह करोड़ 42 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही रायपुर जल आर्वधन योजना के तहत पाईप लाईन विस्तार और घरों तक नल कनेक्शन उपलब्ध कराने 15 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यो के लिए 22 करोड़ 21 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं।

