खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री गुप्ता ने पदभार संभाला
रायपुर 20 दिसम्बर 2010

छत्तीसगढ़ खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री गिरधर गुप्ता ने आज यहां न्यू शांति नगर स्थित बोर्ड कार्यालय में अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने सादगी के प्रतीक महात्मा गांधी के चित्र पर मार्ल्यापण किया।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्री अमर अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य हस्तशिल्प विकास बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष मेजर अनिल सिंह सरगुजा (अम्बिकापुर) तथा रायगढ़ नगर निगम के महापौर द्वय श्री प्रबोध मिंज एवं श्री महेन्द्र चौथहा सहित श्री रोशन लाल अग्रवाल, श्री जयकिशन (जैकी), श्री मुकेश और आशीष अग्रवाल उपस्थित थे। सभी लोगों ने श्री गुप्ता को बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी।
समारोह को सम्बोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास में ग्रामोद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। खादी ग्रामोद्योग बोर्ड मे इसके लिए काम करने की काफी संभावनाएं हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि रोजगार के लिए आज गांव के लोग शहर की ओर आ रहे है। ऐसे समय में उन्हें गांवों में ही रोजगार देने की आवश्यकता है, और यह कार्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के माध्यम से ही सम्भव हो सकता है। स्वास्थ्य मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने भी गांवों के विकास में ग्रामोद्योग की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्रामोद्योग इकाईयों में कम लागत में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार दिया जा सकता है।
मंत्री द्वय ने श्री गिरधर गुप्ता के सार्वजनिक जीवन के लम्बे अनुभवों का उल्लेख करते हुए उम्मीद जताई कि श्री गुप्ता के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड राज्य के गांवों में परम्परागत कुटीर उद्योगों के विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाएगा और बोर्ड सफलता की नई ऊचाईयों तक पहुंचेगा। श्री गिरधर गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा सौंपी गई इस नई जिम्मेदारी को वे पूरी गंभीरता से निभाएंगे और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। श्री गुप्ता ने कहा कि बोर्ड के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नये अवसर विकसित करना उनकी प्राथमिकता होगी। श्री अनिल सिंह मेजर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

