कुम्हारों को नि:शुल्क दिए जाएंगे विद्युत चाक
रायपुर, 04 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ में मिट्टी से जुड़े कुम्हारों को बेयरिंग युक्त एवं विद्युत चाक नि:शुल्क दिए जाएंगे। ग्रामोद्योग मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले ने आज यहां बताया कि राज्य शासन द्वारा प्रदेश के कुंभकारों के जीवन स्तर में और अधिक सुधार लाने के लिए सकारात्मक प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी उनके पारम्परिक व्यवसाय में सुधार लाकर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए इस वर्ष तीन हजार कुंभकारों को पांच सौ नग विद्युत चाक एवं नौ सौ नग बेयरिंग युक्त चाक नि:शुल्क दिए जाएंगे। इसके लिए राज्य शासन द्वारा 2011-12 के बजट में दो करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।
उल्लेखनीय है कि कुंभकारों को उन्नत चाक उपलब्ध कराने की योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा विगत वर्ष 364 चाक नि:शुल्क प्रदान किए गए थे।

