तीन एनीकटों और एक स्टाप-डेम के लिए 28.34 करोड़ रूपये मंजूर
रायपुर 10 जून 2010
राज्य शासन द्वारा रायपुर, बिलासपुर और बस्तर जिले में तीन सिंचाई एनीकटों और एक स्टापडेम निर्माण के लिए 28 करोड़ 34 लाख रूपये मंजूर किए गए हैं। जल संसाधन विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से इन योजनाओं के लिए प्रशासकीय स्वीकृति के आदेश जारी कर दिये गये हैं।
रायपुर जिले के अभनपुर विकासखण्ड में महानदी पर राजिम एनीकट योजना के निर्माण के लिए 20 करोड़ 73 लाख 22 हजार रूपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति और भाटापारा विकासखण्ड में जमुनिया नाला पर गोढ़ी स्टापडेम योजना के निर्माण के लिए एक करोड़ 73 लाख 91 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गयी है। इसी तरह बिलासपुर जिले के पथरिया विकासखण्ड में टेसुआ नाला पर लोहदा एनीकट सह काजवे योजना के निर्माण के लिए दो करोड़ 98 लाख 83 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति और बस्तर जिले के कोंडागांव विकासखण्ड में घोड़ागांव एनीकट सह जलमग्नीय पुलिया योजना के निर्माण के लिए दो करोड़ 88 लाख 16 हजार रूपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गयी है। इन योजनाओं का निर्माण निस्तार, भू-जल संवर्धन और कृषि कार्यों के लिए किया जाएगा। जल संसाधन मंत्री श्री हेमचंद यादव ने विभागीय अधिकारियों को इन दोनों योजनाओं का कार्य स्वीकृत राशि के अन्तर्गत शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

