छत्तीसगढ़ के प्रमुख सिंचाई जलाशयों में जल भराव की स्थिति
रायपुर, 26 जून 2011
छत्तीसगढ़ के प्रमुख सिंचाई जलाशयों का औसत जल भराव लगभग 32 प्रतिशत है। इनमें दस जलाशयों में 40 प्रतिशत से अधिक और नौ जलाशयों में 30 प्रतिशत से अधिक जल भरा है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि कल 25 जून की स्थिति में कबीरधाम जिले के सुतियापाट जलाशय में 87 प्रतिशत और बेहारखार जलाशय में 43 प्रतिशत, सरगुजा जिले के श्याम (घुनघुट्टा) जलाशय में 71 प्रतिशत, बस्तर जिले के कोसारटेडा जलाशय में 62 प्रतिशत, दुर्ग जिले के मरोदा जलाशय में 51 प्रतिशत, गोंदली जलाशय में 49 प्रतिशत और तांदुला जलाश में 48 प्रतिशत जल भरा है। इसी तरह रायपुर जिले के सिकासार जलाशय में 47 प्रतिशत, कोरिया जिले के झुमका जलाशय में 44 प्रतिशत और कोरबा जिले के मिनीमाता (बांगो बांध) में 40 प्रतिशत जल भरा है।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के नौ सिंचाई जलाशयों में 30 प्रतिशत से ऊपर जल भरा है। इनमें कांकेर जिले के दुधावा जलाशय में 38 प्रतिशत, बिलासपुर जिले के मनियारी जलाशय में 34 प्रतिशत और खारंग जलाशय में 33 प्रतिशत, दुर्ग जिले के खरखरा जलाशय में 39 प्रतिशत और खपरी जलाशय में 32 प्रतिशत, कबीरधाम जिले के सरोदा जलाशय में 37 प्रतिशत और क्षीरपानी जलशय में 36 प्रतिशत, राजनांदगांव जिले के मोंगरा बैराज में 30 प्रतिशत और सरगुजा जिले के बरनई जलाशय में 38 प्रतिशत जल भरा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के इकतालीस प्रमुख सिंचाई जलाशयों में कुल जल भराव क्षमता 6401 मिलियन घन मीटर है, जहां कल 25 जून की स्थिति में 2161 मिलियन घन मीटर जल भरा है।

