दो एनीकट और एक व्यपवर्तन योजना के लिए 34.65 करोड़ रूपए मंजूर
रायपुर 01 अप्रैल 2011
राज्य शासन के जल संसाधन विभाग द्वारा निस्तार, भू-जल संवर्धन और कृषि कार्यों के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दो एनीकट और धमतरी जिले में एक व्यपवर्तन योजना के लिए कुल 34 करोड़ 65 लाख 69 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गयी है। इनमें बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखण्ड में शिवनाथ नदी पर हरदी एनीकट के लिए 17 करोड़ एक लाख 53 हजार रूपए तथा बिल्हा विकासखण्ड में शिवनाथ नदी पर अमलडीहा एनीकट के लिए 16 करोड़ 44 लाख 28 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति और धमतरी जिले के विकासखण्ड नगरी में लिटीपारा व्यपवर्तन योजना के निर्माण के लिए एक करोड़ 19 लाख 88 हजार रूपए की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति शामिल हैं। जल संसाधन विभाग द्वारा इस आशय का आदेश यहां मंत्रालय से जारी कर दिया गया हैं। इनमें एनीकटों का निर्माण निस्तार, भू-जल संवर्धन और कृषि कार्यों के उद्देश्य से किया जाएगा। जबकि व्यपवर्तन योजना से 71 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ मौसम में सिंचाई सुविधा मिलेगी। जल संसाधन मंत्री श्री हेमचंद यादव ने विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं का निर्माण स्वीकृत राशि के अन्तर्गत जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

