केलो वृहद सिंचाई परियोजना का कार्य प्रगति पर : आगामी तीन वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य
चालू वित्तीय वर्ष में 150 करोड़ रूपये का बजट प्रावधान
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में केलो नदी पर लगभग 599 करोड़ रूपए की लागत के निर्माणाधीन केलो वृहद सिंचाई परियोजना का कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर 22 हजार 810 हेक्टेयर में खरीफ मौसम में सिंचाई सुविधा के साथ ही रायगढ़ शहर को 4.44 मिलियन घन मीटर पानी पेय-जल के लिए और 4.44 मिलियन घन मीटर पानी उद्योगों को आपूर्ति की जा सकेगी। चालू वित्तीय वर्ष 2011-12 के बजट में इस परियोजना के लिए 150 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है। परियोजना को पूर्ण करने का संशोधित लक्ष्य मार्च 2014 रखा गया है।
जल संसाधन मंत्री श्री हेमचंद यादव ने आज यहां बताया कि केलो परियोजना जिला मुख्यालय रायगढ़ से आठ किलोमीटर की दूरी पर रायगढ़-अम्बिकापुर राजमार्ग में ग्राम दनौट में केलो नदी पर निर्माणाधीन है। परियोजना में मुख्य कार्य जनवरी 2008 से प्रारंभ किया गया। इसके निर्माण में बांध कार्य लगभग 62 प्रतिशत और नहर कार्य लगभग 35 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के निर्माण के लिए अद्यतन एक हजार 078 हेक्टेयर कृषि भूमि का अर्जन किया जा चुका है तथा मुआवजा के रूप में किसानों को 77 करोड़ 44 लाख रूपए का वितरण भी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि परियोजना निर्माण से ग्राम दनौट और ग्राम लाखा डूबान क्षेत्र में आ रहे हैं, जिन्हें पुनर्वास किया जा रहा है। पुनर्वास गांवों में पहुंच-मार्ग, गांवों के भीतर सड़क, विद्युत व्यवस्था, पुल-पुलिया, प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल तथा सामुदायिक भवनों के निर्माण सहित पेयजल के लिए हैण्डपंप आदि मूलभूत सुविधाओं का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

