राज्य के सोलह सिंचाई जलाशय लबालब औसत, जल भराव 90 प्रतिशत
रायपुर 08 सितम्बर 2011
छत्तीसगढ़ में पिछले दो-तीन दिनों से हो रही तेज बारिश के फलस्वरूप सोलह सिंचाई जलाशय लबालब भर गये हैं। प्रदेश के इकतालीस प्रमुख सिंचाई जलाशयों में औसत जल भराव 90 प्रतिशत से ऊपर हो गया है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि कोरबा जिले के मिनीमाता (बांगो बांध), बिलासपुर जिले के मनियारी, खारंग एवं घोंघा, महासमुंद जिले का कोडार एवं केशवा, दुर्ग जिले के खरखरा एवं खपरी, सरगुजा जिले के श्याम एवं बरनई, कबीरधाम जिले के क्षीरपानी, कोरिया जिले के झुमका एवं गेज, रायपुर जिले के कुम्हारी एवं पेन्ड्रावन और राजनांदगांव के रूसे जलाशय लबालब भर गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि धमतरी जिले के रविशंकर सागर (गंगरेल बांध) में 71, सोंढूर में 62 और मुरूमसिल्ली में 59 प्रतिशत, दुर्ग जिले के तांदुला जलाशय में 88, गोंदली में 80 एवं मरोदा में 79 प्रतिशत, कांकेर जिले के दुधावा जलशय में 74, परालकोट में 62 और मयाना में 33 प्रतिशत, रायपुर जिले के सिकासार जलाशय में 98 एवं बेल्लार में 44, प्रतिशत जल भराव हुआ है। उन्होंने बताया कि बस्तर जिले के कोसारटेडा जलाशय में 73 प्रतिशत, सरगुजा जिले के कुंवरपुर में 87 एवं बंकी मेें 54 प्रतिशत, कबीरधाम जिले के सुतियापाट में 96, सरोदा में 73 और बेहारखार में 88 प्रतिशत, राजनांदगांव जिले के पिपरियानाला में 89, मोंगरा बैराज में 80, मटियामोती में 74 और धारा जलाशय में 89 प्रतिशत, रायगढ़ जिले के खम्हारपाकुट में 92, केदारनाला में 51, किनकारीनाला में 64 और पुटकानाला में 26 प्रतिशत जल भराव हुआ है।

