निर्मला घाट हादसा : दिवंगत महिलाओं के परिवारों को मुख्यमंत्री से मिलेगी एक-एक लाख रूपए की मदद
मंत्रीद्वय श्री यादव और श्री बघेल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की
रायपुर 09 सितम्बर 2010

जल संसाधन मंत्री श्री हेमचंद यादव और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री दयालदास बघेल ने आज दुर्ग जिले के ग्राम अकलवारा पहुंचकर वहां परसों निर्मला घाट हादसे में दिवंगत तीन महिलाओं के शोकाकुल परिवारजनों से मुलाकात की। मंत्रीद्वय ने उन्हें मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की ओर से तथा अपनी ओर से भी सांत्वना प्रदान की। जल संसाधन मंत्री और जिले के प्रभारी श्री हेमचंद यादव ने इस गमगीन माहौल में तीनों मृतकों के परिवारजनों को मुख्यमंत्री की ओर से एक-एक लाख रूपए की सहायता राशि जल्द से जल्द दिलाने की घोषणा की। श्री यादव ने हादसे में घायल छब्बीस महिलाओं के इलाज के लिए राज्य शासन की ओर से पूर्ण सहयोग का वायदा किया और अपनी विधायक निधि से प्रत्येक घायल के लिए पांच-पांच हजार रूपए का स्वेच्छा अनुदान स्वीकृत करने का भी ऐलान किया। वाणिज्य मंत्री श्री बघेल ने भी घायल महिलाओं के इलाज के लिए विधायक निधि से पांच-पांच हजार रूपए जल्द दिलाने की घोषणा की।
मंत्रीद्वय की उपस्थिति में आज वहां एक शोक सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर तीनों मृतकों को विनम्र श्रध्दांजलि अर्पित की। मंत्री द्वय ने दिवंगत महिलाओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रध्दांजलि दी। ज्ञातव्य है कि गुरूर विकासखण्ड के इस गांव में मंगलवार सात सितम्बर को तालाब किनारे निर्मला घाट की दीवार गिरने पर उसमें तीन महिलाओं की मृत्यु हो गयी थी और 26 महिलाएं घायल हो गयी। घायल महिलाओं में से 24 को धमतरी के मसीही अस्पताल में और दो महिलाओं को धमतरी के ही जिला अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल कराया गया है। मंत्रीद्वय श्री हेमचंद यादव और श्री दयालदास बघेल ने घायल महिलाओं के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस मौके पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन, कलेक्टर दुर्ग ठाकुर राम सिंह और अन्य अनेक जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

