मनियारी बैराज और रेंगाबोड़ व्यपवर्तन के लिए 60.65 करोड़ रूपए मंजूर
रायपुर 20 अप्रैल 2011
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में दो सिंचाई योजनाओं के लिए कुल 60 करोड़ 65 लाख रूपए से अधिक की धनराशि मंजूर की गयी है। इनमें बिलासपुर जिले के पथरिया विकासखण्ड में मनियारी बैराज योजना के निर्माण के लिए 43 करोड़ 75 लाख रूपए की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति और कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखण्ड में रेंगाबोड़ (कुण्डा) व्यपवर्तन योजना के निर्माण के लिए 16 करोड़ 90 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति शामिल है। जल संसाधन विभाग द्वारा इस आशय का आदेश यहां मंत्रालय से जारी कर दिया गया है। इनमें बैराज योजना के निर्माण से खरीफ मौसम में एक हजार 378 तथा रबी मौसम में 347 हेक्टेयर क्षेत्र में और व्यपवर्तन योजना के निर्माण से एक हजार 620 हेक्टेयर में खरीफ मौसम में सिंचाई सुविधा मिलेगी। जल संसाधन मंत्री श्री हेमचंद यादव ने विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं का निर्माण स्वीकृत राशि के अन्तर्गत जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

