अनुशासित व्यक्ति को जीवन के हर क्षेत्र में मिलती है सफलता : श्री बृजमोहन अग्रवाल
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू
रायपुर 10 नवम्बर 2011

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि जीवन में हर व्यक्ति को खेल गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। खेल के मैदान में अनुशासन की जो भावना सीखने को मिलती है वह जीवन में बहुत काम आती है। अनुशासित और समर्पित व्यक्ति जीवन के हर क्षेत्र में कामयाबी मिलती है। श्री अग्रवाल ने आज दोपहर यहां गॉस मेमोरियल मैदान में आयोजित राज्य
शासन के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की पांच दिवसीय अष्ठम राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए इस आशय के विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में प्रदेश के जल संसाधन विभाग के चार सौ से अधिक अधिकारी-कर्मचारी क्रिकेट, व्हालीबाल, फुटबाल, कबड्डी, टेबल टेनिस, लान टेनिस, कैरम, शतरंज और एथलेटिक्स में भाग लेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य ब्रेवरेजेस कार्पोरेशन के अध्यक्ष और विधायक श्री देवजी भाई पटेल ने प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता की।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए खेल जरूरी होता है। इसीलिए हर मनुष्य का किसी न किसी एक खेल में जरूर जुड़ाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी राजदूत के समान होते हैं, जो अपने समाज, संस्था,प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। हर खिलाड़ी की कोशिश होती है कि वे बेहतर प्रदर्शन कर अपनी सस्था का नाम रोशन करें। श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियम 2010 की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों के हित में बनाए गए इस नियम से प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में अवसर देने का रास्ता खुला है। राज्य शासन के हर विभाग को छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में लेने के लिए पहल करनी चाहिए। भविष्य में जब ये खिलाड़ी विभिन्न राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उपलब्धि हासिल करेंगे तो नौकरी देने वाले विभागों का नाम भी रौशन होगा। श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर प्रतियोगिता में शामिल होने आए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। छत्तीसगढ़ राज्य ब्रेवरेजेस कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्री देवजीभाई पटेल ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। शुभारंभ समारोह में जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता श्री बी.एल. रॉय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

