जल उपभोक्ता संस्थाओं को जल कर की 25 प्रतिशत राशि तत्काल भुगतान करने के निर्देश
जल संसाधन मंत्री श्री यादव ने की समीक्षा
रबी फसलों के लिए एक लाख हेक्टेयर से अधिक रकबे में पानी देने का लक्ष्य
संभाग स्तरीय जल उपयोगिता समिति की बैठक सम्पन्न
रायपुर 18 नवम्बर 2011


जल संसाधन मंत्री श्री हेमचंद यादव ने विभागीय अधिकारियों से कहा है कि वे जल उपभोक्ता संस्थाओं द्वारा वसूली गयी जल कर की राशि का 25 प्रतिशत राशि नहरों के रख-रखाव के लिए उन्हें तत्काल भुगतान करें और बाकी 75 प्रतिशत राशि को राज्य शासन के खाते में जमा कराए। उन्होंने अधिकारियों को रबी फसलों के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जल प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
श्री यादव की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय में रायपुर और बिलासपुर संभागों के संभाग स्तरीय जल उपयोगिता समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में श्री यादव ने कहा कि इस वर्ष गंगरेल, सिकासार, तांदुला सहित प्रदेश के सिंचाई जलाशयों में जल भराव अच्छी है। उन्होंने बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों से कहा कि जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक लेकर स्थानीय लोगों की मांग के आधार पर जल आपूर्ति सुनिश्चित करें। श्री यादव ने कहा कि पानी का सदुपयोग होना चाहिए। सिंचाई जल का उपयोग अंतिम छोर तक हो और पानी बेकार नहीं बहे, इस बात का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बैठक में उपस्थित विधायकों द्वारा अधिक पानी की मांग पर कहा कि जलाशयों में जल की उपलब्धता के आधार पर पानी दिया जा सकता है।
बैठक में छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री नारायण चंदेल, विधायक श्री शिवराज सिंह उसारे, श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, श्री वीरेन्द्र साहू, श्री लेखराम साहू, श्रीमती अम्बिका मरकाम, खेदूराम साहू, जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव श्री एन.के असवाल एवं प्रमुख अभियंता श्री बी.एल.राय सहित जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में श्री असवाल ने वर्ष 2011-12 में रबी फसलों के लिए एक लाख सात हजार बत्तीस हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का लक्ष्य रखने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011-12 में खरीफ मौसम में निर्धारित सिंचाई लक्ष्य 13 लाख 03 हजार 837 हेक्टेयर के विरूध्द आज की स्थिति में 10 लाख 36 हजार 58 हेक्टेयर क्षेत्र में अनुमानित उपलब्धि हासिल कर ली गई है। उन्होंने कहा कि खरीफ सिंचाई का वास्तविक आंकलन अंतिम प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद ही किया जा सकेगा। श्री बी.एल.राय ने चालू रबी फसलों के लिए प्रस्तावित जिलेवार सिंचाई लक्ष्य की जानकारी दी।

