सूक्ष्म सिंचाई योजना में किसानों को 90 प्रतिशत तक अनुदान
रायपुर, 29 नवम्बर 2010
कृषि विभाग द्वारा सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत प्रदेश के किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई यंत्रों की स्थापना के लिए 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। कम समय, कम मेहनत और सिंचाई के लिए उपलब्ध जल के अधिकतम उपयोग हेतु कृषि विभाग द्वारा सूक्ष्म सिंचाई योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसमें 50 प्रतिशत केन्द्र द्वारा और 40 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा सहायता राशि दी जाती है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहॉ बताया कि प्रदेश में वर्ष 2006-07 में इस योजना के तहत 371 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हेतु 352 किसानों को ड्रिप और स्प्रिकंलर उपकरण वितरित किये गये है। इस हेतु किसानों को 34 लाख रूपए की वित्तीय सहायता दी गई है। इसी तरह वर्ष 2009-10 में इसका क्षेत्र बढ़ाते हुए 10 हजार 300 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर से सिंचाई हेतु 4 हजार 590 किसानों को लाभान्वित किया गया है। इस हेतु 13 करोड़ 85 लाख रूपए की सहायता प्रदान की गयी है।
क्रमांक-3963/पवन

