व्यपवर्तन सिंचाई योजना और जलाशय निर्माण के लिए छह करोड़ रूपए मंजूर
रायपुर, 04 दिसम्बर 2011
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कोरंधा व्यपवर्तन और टाटीआथर जलाशय के लिए छह करोड़ रूपए मंजूर किए गए हैं। इन योजनाओं के निर्माण से 351 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। यह मंजूरी भारत सरकार के त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम (एआईबीपी) के तहत स्वीकृति प्राप्त करने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ करने की शर्त पर दी गई है। जल संसाधन विभाग द्वारा इस आशय का आदेश यहां मंत्रालय से जारी कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने आज बताया कि जिले के कुसमी विकासखण्ड में कोरंधा व्यपवर्तन के लिए चार करोड़ 29 लाख रूपये मंजूर किए गए हैं। इस योजना से खरीफ मौसम में 200 हेक्टेयर और रबी मौसम में 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसी तरह जिले के रामचन्द्रपुर विकासखण्ड में टाटीआथर जलाशय के लिए लगभग एक करोड़ 71 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना से 101 हेक्टेयर में खरीफ मौसम में सिंचाई सुविधा मिलेगी। जल संसाधन मंत्री श्री हेमचंद यादव ने विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं का निर्माण स्वीकृत राशि के अंतर्गत जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

