भुरसीडोंगरी और गिरदालपारा एनीकट के लिए 15 करोड़ रूपए मंजूर
रायपुर, 29 मार्च 2011
राज्य शासन द्वारा धमतरी और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में निस्तार, भू-जल संवर्धन और कृषि कार्यों के उद्देश्य से दो एनीकटों के लिए 15 करोड़ 58 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गयी है। इनमें धमतरी जिले के नगरी विकासखण्ड में सीता नदी पर भुरसीडोंगरी एनीकट के लिए लगभग 11 करोड़ 93 लाख रूपए और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के सुकमा विकासखण्ड में गिरदालपारा एनीकट निर्माण् के लिए तीन करोड़ सात लाख 64 हजार रूपए शामिल हैं। दोनों योजनाओं की स्वीकृति त्वरित लाभ सिंचाई कार्यक्रम (ए.आई.बी.पी.) के अन्तर्गत भारत सरकार से स्वीकृति लेने की शर्त पर दी गयी है। जल संसाधन विभाग द्वारा इस आशय का आदेश यहां मंत्रालय से जारी कर दिया गया हैं। जल संसाधन मंत्री श्री हेमचंद यादव ने विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं का निर्माण स्वीकृत राशि के अन्तर्गत जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

